एमबीएम न्यूज़ / ऊना
अम्ब के तहत चुरूडू के बेहड़ी गांव में 15 वर्षीय किशोरी आग की चपेट में आने के कारण बुरी तरह झुलस गई है। बताया जा रहा है कि पीडि़ता करीब 90 फीसदी तक झुलस चुकी है। जिसके चलते उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। उसे गंभीर हालत में रीजनल अस्पताल ऊना ले जाया गया है। उधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक बेहड़ी निवासी वर्षा शुक्रवार दोपहर स्कूल से वापिस घर पहुंची। रसोई घर में वह चाय बना रही थी, इसी दौरान वह आग की चपेट में आ गई। जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। वर्षा की चीखें सुनकर परिजनों ने फौरन आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
उन्होंने आग पर काबू भी पा लिया, लेकिन तब तक वह बुरी तरह जल चुकी थी।
परिजन उसे साथ लगते चौधरी अस्पताल में ले गए। जहां से उसे अंब लाया गया। लेकिन अंब से भी उसकी नाजुक होती हालत के चलते रीजनल अस्पताल ऊना रैफर कर दिया गया है। डीएसपी अंब मनोज जवाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अभी पीडि़ता के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। जिससे आगजनी के सही कारणों का पता लगाया जा सके। मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।