शिमला, 08 मई : चुनावी शोर के बीच शिमला जिला के ठियोग उपमंडल के मतियाना में गोलीकांड सामने आया है। मतियाना की शडी पंचायत के थारू गांव में एक व्यक्ति ने जमीनी विवाद में अपने सगे भाई के परिवार पर गोली चला दी। बुधवार सुबह करीब 10 बजे हुई इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। इन्हें उपचार के लिए तत्काल सिविल अस्पताल ठियोग ले जाया गया जहां दो लोगों को गंभीर अवस्था में आईजीएमसी रैफर किया गया।
तीनों के पैर और टांग पर बंदूक के छर्रे लगे हैं। पुलिस ने गोली चलाने वाले शख्स ध्यान सिंह (62) को गिरफ्तार कर किया है। उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट में केस दर्ज हुआ है।
पुलिस के मुताबिक ध्यान सिंह का सगे भाई दुर्गा राम के साथ जमीनी विवाद चल रहा है। दोनों का परिवार अलग-अलग रहता था। जमीनी विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच आज कहासुनी हुई और देखते ही देखते ध्यान सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिए। घटना में जख्मी हुए तीन लोगों में दुर्गा राम के परिवार के लाल सिंह, संदीप और शुभम शामिल हैं।
डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि तीन घायलों की हालत खतरे से बाहर है और ये अस्पताल में उपचाराधीन हैं। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे जमीनी विवाद है। गोली चलाने वाले शख्स को गिरफ्तार कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आरोपित ने अपनी लाइसेंसी बन्दूक से फायर किए थे। आरोपित के पास तीन लाइसेंसी बन्दूक हैं। इनमें दो बन्दूक उसने पुलिस में जमा करवा दी थीं। आरोपित के विरुद्ध हत्या के प्रयास यानी आईपीसी की धारा 307, 34 व आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया गया है।