मंडी (वी कुमार) : रत्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात महिला डाक्टर से बदसलूकी करने का मामला सामने आया है। महिला डाक्टर ने रत्ती पुलिस थाना में भी शिकायत की है जबकि अपने उच्चाधिकारियों को भी इस बारे में सूचित कर दिया है। पुलिस थाना रत्ती में वापसी खुद व कलंदरा जेर धारा 186 के तहत दर्ज हुई शिकायत में महिला डाक्टर ने कहा है कि वह रात की ड्यूटी पर थी। रात को जब वह साढ़े 8 बजे अपने ड्यूटी रूम में थी तो कोई बाहर से जोर जोर चिल्लाते हुए दरवाजे को लातें मारने लगा।
ऐसा जब तीन चार बार लगातार हुआ तो उन्होंने जाली वाले दरवाजे से जानना चाहा कि कौन है और दरवाजा क्यों तोड़ रहा है। उक्त व्यक्ति जो अपने को किसी मरीज के साथ आया हुआ बता रहा था के व्यवहार को देख कर वह डर गई और उसने पुलिस के आने पर ही दरवाजा खोलने को कहा। साथ ही पुलिस को सूचित कर दिया। महिला डाक्टर ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में जब उसने दरवाजा खोला तब भी उस व्यक्ति जिसने अपना नाम सुरेश कुमार बताया ने दुर्व्यवहार किया और वहां से खिसक गया। उन्होंने बताया कि इस बारे में उन्होंने तत्काल अस्पताल के प्रभारी का काम देख रहे डॉ आर डी को सूचना दे दी।
सोमवार सुबह जब ड्यूटी पर आए स्टाफ को इस घटना का पता चला तो उन्होंने काम बंद करने का निर्णय लिया। स्टाफ को काम बंद न करने बारे तो समझा कर मना लिया गया मगर इस घटना में पर आक्रोश व्यक्त किया। महिला डाक्टर ने बताया कि रात के समय केवल यहां पर तीन स्टाफ ही होता है जिसमें एक महिला डाक्टर, एक स्टाफ नर्स और एक चपरासी होती है। रात को भी तीन ही महिला स्टाफ ड्यूटी पर थी। रात के समय सुरक्षा का कोई इंतजाम अस्पताल में नहीं है। स्टाफ ने खंड चिकित्सा अधिकारी को लिख पर भी दिया था कि रात के समय यहां पर सिक्योरिटी का इंतजाम होना चाहिए।
महिलाओं के लिए रात के समय ड्यूटी देना मुश्किल हो जाता है, क्योंकि कई अवांछित तत्व रात के समय अस्पताल में आ जाते हैं। पहले भी इस तरह की घटनाएं होती रही हैं। महिला डाक्टर ने इस बारे में मेडिकल आफिसर एसोसिएशन की जिला इकाई को भी इस बारे में सूचित कर दिया है।