संगड़ाह, 24 दिसंबर : सिरमौर के गिरिपार इलाके हरिपुरधार से दुःखद समाचार सामने आया है। लोक निर्माण विभाग में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात व एनपीएस कर्मचारी यूनियन संगडाह ब्लॉक के अध्यक्ष चंद्रमणि वर्मा (39) की हृदय गति रुकने से मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार ड्यूटी के दौरान चंद्रमणि वर्मा अचानक बेहोश हो गए थे। उन्हें तुरंत ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरिपुरधार ले जाया गया। गंभीर हालत में देखते हुए चिकित्सकों ने संगड़ाह अस्पताल रैफर किया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अचानक मौत होने से पूरे क्षेत्र व समस्त कर्मचारी वर्ग में शोक की लहर है। रविवार को पैतृक गांव चाढ़ना में अंतिम संस्कार किया गया।
गौरतलब है कि दिवंगत चंद्रमणि वर्मा लोक निर्माण विभाग में वर्ष 2005 में लिपिक के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में वरिष्ठ सहायक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। चंद्रमणि के पिता जगत सिंह पहाड़ियां भी कर्मचारी संगठन के नेता रहे व भाजपा रेणुका जी मंडल उपाध्यक्ष भी रहे थे।
विकास खंड संगड़ाह के कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों तथा भाजपा के पूर्व प्रत्याशी नारायण सिंह, पूर्व विधायक रूप सिंह व पंचायत समिति संगड़ाह के पूर्व अध्यक्ष मेलाराम शर्मा आदि ने उनके निधन पर गहरी संवेदना जताई। चंद्रमणि अपने पीछे 66 वर्षीय माता रेवती देवी, 38 वर्षीय पत्नी प्रोमिला वर्मा, 14 वर्षीय पुत्री वंशिका व 11 वर्षीय पुत्र को छोड़ गए है।