मंडी, 9 मई : मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह 100 करोड़ से भी अधिक की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। वीरवार को मंडी में अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान चुनाव आयोग को विक्रमादित्य सिंह ने अपनी आय का सारा ब्यौरा दिया है।
खास बात यह भी है कि गत वर्ष के मुकाबले विक्रमादित्य सिंह की आय में करीब 60 लाख की कमी भी आई है। विधानसभा चुनावों के दौरान उन्होंने अपनी चल-अचल संपत्ति 97.31 करोड़ बताई थी जबकि इस बार उन्होंने 96.70 करोड़ बताई है। अगर इनकी पारिवारिक संपत्ति भी जोड़ी जाए यह आंकड़ा 100 करोड़ से उपर चला जाता है। 2022 में जहां विक्रमादित्य सिंह के पास 6.97 करोड़ की चल संपत्ति थी वहीं अब यह घटकर 6.21 करोड़ रह गई है।
वहीं अचल संपत्ति की बात करें तो यह 90.33 करोड़ से बढ़कर 90.48 करोड़ हो गई है। इसमें 15 लाख की बढ़ोतरी हुई है। विक्रमादित्य सिंह को डेढ़ करोड़ की देनदारियां देने को हैं। इनके पास 17 लाख की फॉर्च्यूनर, 13.30 लाख की एंडेवर और एक इग्निस कार है। 1785 ग्राम सोना और 13.70 ग्राम डायमंड के अलावा 10 लाख रुपये का जिम, लैपटॉप और मोबाइल फोन हैं। रामपुर में कृषि और बागवानी भूमि है। सराहन, रामपुर और शिमला में आवासीय भवन हैं।
घरेलू विवाद सहित दर्ज हैं 14 मामले
विक्रमादित्य सिंह पर घरेलू विवाद सहित 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। साल 2022 में इनकी संख्या 11 थी। दो साल में 3 नए मामले जुड़े हैं। इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी और आयकर विभाग ने भी उनके विरुद्ध तीन-तीन केस दर्ज कर रखे हैं। यह मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।
भाजपा की मोहतरमा कर रही मनोरंजन की राजनीति
नामांकन भरने के बाद मीडिया से बातचीत में कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने कंगना रनौत को मोहतरमा कहकर संबोधित करते हुए कहा कि कंगना यहां सिर्फ मनोरंजन की राजनीति करने आई है जबकि हम विकास की राजनीति करते हैं। अभी तक वे मंडी की जनता को अपना विजन नहीं बता पाई हैं। पहले वे अपना विजन बताएं।
दो लाख से होगी जीत, ईमानदारी और बेईमानी का है चुनाव
नामांकन पत्र भरने के बाद मीडिया से बातचीत में हिमाचल कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि मंडी में एकतरफा मुकाबला है और कांग्रेस प्रत्याशी की कम से कम दो लाख मतों से जीत होगी। वहीं, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि यह चुनाव ईमानदारी और बेईमानी का चुनाव है। प्रदेश की जनता खरीद फरोख्त करने वालों को करारा जवाब देगी।
@K1