नाहन, 24 दिसंबर : शहीद सोहन सिंह मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मानपुर देवड़ा की चार हॉकी खिलाड़ी छात्राओं का चयन अंडर-14 आयु वर्ग की राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता (national hockey tournament) के लिए हुआ है।
विद्यालय के डीपीई मनीष टंडन ने बताया कि छात्राओं की राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता ऊना (Una) में आयोजित हुई थी। जिसमें मानपुर देवड़ा विद्यालय की सात हॉकी खिलाड़ी छात्राओं ने जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व किया। छात्राओं ने राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन किया और सिरमौर को राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में विजेता बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस प्रदर्शन के आधार पर मानपुर देवड़ा विद्यालय की चार खिलाड़ी छात्राओं शगुन, प्रियांशी, नेहा व ईशा का चयन राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए किया गया है। 28 दिसंबर से एक जनवरी तक यह प्रतियोगिता ग्वालियर, मध्य प्रदेश (MP) में आयोजित होने जा रही है। वर्तमान में यह छात्राएं माजरा में आयोजित राष्ट्रीय हॉकी प्रशिक्षण शिविर National Hockey Training Camp में कठोर परिश्रम कर रही हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार नागवाल ने छात्राओं को अपना आशीर्वाद देते हुए कहा कि मानपुर देवड़ा विद्यालय में गत वर्ष से ही हॉकी खेल को आरंभ किया गया है। इतनी कम अवधि में इतना शानदार प्रदर्शन करते हुए जिस तरह छात्राओं ने राज्य स्तर पर अपने विद्यालय (School) का नाम चमकाया है, उम्मीद है कि राष्ट्रीय स्तर (National Level) पर भी शानदार खेल का प्रदर्शन कर छात्राएं अपने विद्यालय व गांव का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमकाएंगी।
विद्यालय के एसएमसी अध्यक्ष कृष्ण कुमार, मानपुर देवड़ा पंचायत की प्रधान कुसुम देवी, बीडीसी मेंबर अबिता पुंडीर, विक्रम तोमर, हरविंदर सिंह, तोहिद, शाकिर, सितार मोहम्मद, उमा पाल, नरेंद्र आदि स्थानीय ग्रामीणों ने इन खिलाड़ी छात्राओं के इस शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताई व विद्यालय के प्रधानाचार्य, डीपीई(DPE) व इन छात्राओं के अभिभावकों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।