शिमला,22 जुलाई : हिमाचल की ब्यूरोक्रेसी(Himachal bureaucracy) के मुख्यालय में भी कोरोना संक्रमण ने दस्तक दे दी है। राज्य सचिवालय के एक अधिकारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह अधिकारी मुख्यमंत्री का उपसचिव बताया गया है। इसके बाद एहतियात के तौर पर मुख्यमंत्री(Chief Minister) भी होम क्वारंटाइन हो गए हैं। इस घटना के बाद सचिवालय में खलबली मच गई। मुख्यमंत्री का अब कोरोना का परीक्षण होगा। माना जा रहा है कि देर रात तक मुख्यमंत्री की कोरोना की रिपोर्ट आने की संभावना है। इसके अलावा सचिवालय में अन्य अधिकारियों व कर्मियों के भी कोरोना टेस्ट लिए जाएंगे।
पॉजिटिव पाए गए अधिकारी की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं थी। फिलहाल उनके सम्पर्क में आने वालों का पता लगाया जा रहा है। शिमला में पिछले कल सेना के तीन जवान संक्रमित मिले थे। इससे पहले उपनगर ढली, बालूगंज व जतोग में पॉजिटिव मामले आये। बालूगंज को प्रशासन ने सील कर रखा है।
राज्य में पिछले एक हफ्ते से राज्य में कोरोना के मामलों में यकायक हो रही बढ़ोतरी ने शासन-प्रशासन के साथ आम लोगों को भी सकते में डाल दिया है। सोलन और सिरमौर जिलों में रोजाना कोरोना का विस्फोट हो रहा है।