पांवटा साहिब (एमबीएम न्यूज): उपमंडल के गुलाबगढ़ में गौवंश के कत्ल के मामले में पुलिस ने हर तरह से साक्ष्य जुटाए हैं। सूत्रों के मुताबिक आरोपियों की निशानदेही पर उस जगह को भी ढूंढ निकाला गया, जहां गौवंश का कत्ल किया गया था। इसके अलावा खुर बरामद होने की भी खबर है। साथ ही मौके पर खून के धब्बे भी पाए गए हैं।
युवक को निशानदेही के लिए ले जाती पुलिस।सनद रहे कि गौवंश का मांस पहले ही फ्रिजर से बरामद कर लिया गया था। इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था जारी है। तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। संभवत: रात तक चौथे की गिरफ्तारी भी हो सकती है। इस मामले में अब फरियाद की ही गिरफ्तारी बची है। जानकार बताते हैं कि सुबह पुलिस को इस मामले की जानकारी मिली। इसके बाद गहनता से जांच शुरू हो गई। चंद घंटों में तीन आरोपी धर लिए गए।
हालांकि स्पष्ट नहीं है, लेकिन बताया जा रहा है कि धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज किया जा सकता है। यह भी जानकारी मिली है कि एक आरोपी की निशानदेही पर दो किलो के करीब ओर मांस बरामद किया गया है, जिसे मामले के तूल पकडऩे के बाद छिपा दिया गया था।
बाता में अवशेष बहाने…
इस बात पर संशय है कि आरोपी गौवंश को कत्ल करने के बाद इसके अवशेष बाता नदी में कैसे बहा सकते हैं। यहां से बाता नदी की दूरी लगभग दो किलोमीटर है। आशंका जताई जा रही है कि आसपास ही शरीर के हिस्से दफनाए गए होंगे। विश्व हिन्दू परिषद के जिला महामंत्री दीपक भंडारी का कहना है कि बाता नदी में अवशेष बहाए जाने की कतई भी संभावना नहीं है।
सख्त बन चुका है गौवंश हत्या कानून..
बताते हैं कि अब गौवंश हत्या का कानून काफी सख्त है। इसके गुनाहगारों को कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है। गौर हो कि कुछ समय पहले मौजूदा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ही इस कानून को हरी झंडी दी थी। विश्व हिन्दू परिषद के जिला महामंत्री दीपक भंडारी भी मानते हैं कि अब कानून काफी सख्त है।
इस लिंक पर भी पढ़ सकते हैं अन्य जुड़ी खबर। https://goo.gl/3t788l