लखनऊ/भोपाल 21 जुलाई:मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन का आज सुबह निधन हो गया। 85 वर्षीय लालजी टंडन बीते कई दिनों से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज लखनऊ के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। यह जानकारी उनके पुत्र और योगी सरकार में मंत्री आशुतोष टंडन ने दी। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि बाबूजी नहीं रहे।
सोमवार को उनकी हालत नाजुक बताई जा रही थी। इसको लेकर सोमवार को मेदांता अस्पताल की तरफ से मेडिकल बुलेटिन भी जारी किया गया था, जिसमें उनकी हालत नाजुक होने की बात कही गई थी। मेदांता अस्पताल में भर्ती मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। डॉक्टर ने उनकी तबीयत गंभीर होने की बात कही थी।
दरअसल, बीते 11 जून को मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए लालजी टंडन की तबीयत 15 जून को अधिक बिगड़ गई थी। पेट में ब्लीडिंग होने पर उनका ऑपरेशन भी किया गया था। इसके बाद से वह लगातार वेंटिलेटर पर थे। मेदांता के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि उनकी तबीयत ज्यादा गंभीर है। उन्हें फुल सपोर्ट पर रखा गया था।
ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहने वाले टंडन प्रदेश की भाजपा सरकारों में कई बार मंत्री भी रहे हैं और अटल बिहारी वाजपेयी के सहयोगी के रूप में जाने जाते रहे। इन्होंने वाजपेयी के चुनाव क्षेत्र लखनऊ की कमान संभाली थी और निधन बाद लखनऊ से ही 15वीं लोकसभा के लिए भी चुने गए। लालजी टंडन को 2018 में बिहार का गवर्नर बनाया गया। इसके बाद 2019 में उन्हें मध्य प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया। उधर मध्य प्रदेश में राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर पांच दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। वहीं राज्यपाल को श्रद्घांजलि देने के बाद कैबिनेट की बैठक भी स्थगित कर दी गई।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कैबिनेट की बैठक में राज्यपाल टंडन को श्रद्घांजलि दी। सभी मंत्रियों ने टंडन के निधन पर शोक जताया। मुख्यमंत्री चौहान ने राज्यपाल टंडन के राजनीतिक सफर को याद किया और कहा कि उन्होंने अपने प्रशासनिक दृष्टि और अपने कौशल के बल पर उत्तर प्रदेश की जनता को बड़ा लाभ दिलाया।
कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री चौहान ने राज्य में पांच दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस अवधि में राजकीय शोक के निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाएगा। कैबिनेट ने मौन रखकर राज्यपाल को श्रद्घांजलि दी और बैठक को स्थगित कर दिया गया। ज्ञात हो कि टंडन काफी समय से बीमार चल रहे थे और लखनऊ के एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उन्होंने मंगलवार की सुबह साढ़े पांच बजे अंतिम सांस ली। राज्य में टंडन का कार्यकाल लगभग एक साल रहा।
Latest
- 12 मई तक सहायक निर्वाचन अधिकारी के पास पहुंचाएं 12-डी फार्म : डीसी
- Lok Sabha Election-2024 : पांचवें चरण में 8 राज्यों में 695 उम्मीदवार लड़ेंगे चुनाव
- HPCET : बी फार्मेसी, बीटेक के लिए प्रवेश परीक्षा 10 मई को, 8715 अभ्यर्थियों ने किए आवेदन
- UGC ने विश्वविद्यालयों में विदेशी छात्रों के लिए रिजर्व की 25 फीसदी सीटें
- कालाअंब : सरिया उद्योग में ट्रक की चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत