नाहन, 27 अप्रैल : श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के नाहन आगमन दिवस पर शहर के चौगान मैदान में जोड़ मेले का शुभारंभ हुआ। शनिवार को मेले का आधिकारिक शुभारंभ टोका साहिब गुरुद्वारा से भव्य नगर कीर्तन के ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री दशमेश अस्थान में आगमन के बाद हुआ। हिमाचल-हरियाणा की सीमा पर कालाअंब में स्थित टोका साहिब से पहुंचे नगर कीर्तन की अगुवाई पंज प्यारों ने की।
इस दौरान कालाअंब से नाहन तक जगह-जगह संगतों ने गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाया। नगर कीर्तन में सैकड़ों की संख्या में संगत शामिल हुई। गुरुद्वारा दशमेश अस्थान नाहन पहुंचने पर नगर कीर्तन का जोरदार स्वागत किया गया। इसी के साथ गुरुद्वारा के सामने ऐतिहासिक चौगान मैदान में जोड़ मेले का भी शुभारंभ हुआ।
हर साल गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के नाहन आगमन दिवस पर जोड़ मेले का आयोजन किया जाता है। बताते हैं कि जिस मार्ग से गुरु महाराज जी नाहन पहुंचे थे, उसी मार्ग से यह नगर कीर्तन भी यहां पहुंचता है। 5 मई तक चौगान मैदान में जोड़ मेले का आयोजन हो रहा है। इस दौरान गुरुद्वारा साहिब में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बता दें कि 10वें गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज 30 अप्रैल 1685 को सिरमौर रियासत में नाहन आए थे। गुरु महाराज जी के नाहन आगमन दिवस को हर साल इसी तरह हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। जोड़ मेले का आयोजन गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी नाहन व समूह साध संगत, समूह जत्थेबंदियां, सिख नौजवान सेवक जत्था नाहन द्वारा किया जा रहा है।
@R1