मंडी, 17 मार्च : मधुमक्खियों (Bees) का जिक्र आते ही हम सबके दिमाग में एक ही उत्पाद (Product) की तस्वीर आती है और वो है शहद (Honey)। लेकिन बहुत से लोग यह नहीं जानते की मधुमक्खियां शहद के अलावा एक और उत्पाद भी तैयार करती हैं जो शहद से कई गुणा महंगा (Costly) होता है। इसका नाम है बी पॉलन (Bee pollen। बी पॉलन में बी का अभिप्राय मधुमक्खी से है जिसे अंग्रेजी में बी कहा जाता है।
बी पॉलन फूलों के परागकणों के ढेर को कहा जाता है। जब मधुमक्खी फूलों से रस एकत्रित करती है तो उसी दौरान उसके पैरों पर परागकण लग जाते हैं। जब यह मधुमक्खी वापिस अपने छत्ते पर आती है तो उससे पहले एक पॉलन गेट लगा दिया जाता है, जिससे गुजरने की जगह बहुत ही कम होती है। जब मधुमक्खी उस गेट से गुजरने का प्रयास करती है तो उसके पैरों में चिपके परागकण नीचे गिर जाते हैं और जो ढेर एकत्रित होता है उसे बी पॉलन कहते हैं।
कई बीमारियों से बचाता है बी पॉलन
जो लोग पोषक तत्वों की कमी से जूझ रहे हैं उनके लिए बी पॉलन किसी वरदान से कम नहीं है। इसमें 40 प्रतिशत प्रोटीन (40 % protein) पाया जाता है। इससे आपकी इम्युनिटी बढ़ती है, लीवर का उपचार होता है, मांसपेशियों को मजबूती मिलती है, वजन कम करने में मदद करता है, जले हुए घावों को ठीक करता है, शरीर में टयूमर को फैलने से रोकता है, कार्डियोवैस्कुलर बीमारियों, डायबिटीज, हाइपरटेंशन और कैंसर जैसी बीमारियों से ग्रसित लोगों के लिए भी बी पॉलन बहुत ज्यादा फायदेमंद माना गया है।
नारी शक्ति ग्राम संगठन अम्बोटा की तरफ से सरस मेले में बी पॉलन और देसी शहद की बिक्री का स्टाल लगाया गया है। मधुमक्खी पालक अमन ठाकुर ने बताया कि वह अपने कजिन भाई रोहित के साथ बीते 15 वर्षों से इस कार्य को ऊना और शिमला में कर रहे हैं। कई लोग इसका सेवन करने के बाद दोबारा इसके इस्तेमाल के लिए उनके पास संपर्क करते हैं।
1500 से दो हजार रूपए प्रति किलो है दाम
अमन ठाकुर ने बताया कि बी पॉलन का दाम 1500 से लेकर दो हजार रूपए प्रति किलो है। लोगों की सुविधा के लिए उन्होंने छोटी पैकिंग भी उपलब्ध करवाई है, जिसमें 200 और 500 रूपए की पैकिंग लोगों को काफी भा रही है और लोग इसे खरीद भी रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सरस मेले के दौरान बहुत से लोग उनके पास आकर इस प्रोडक्ट की जानकारी भी ले रहे हैं और इसे खरीद भी रहे हैं। इसके साथ ही इनके पास देसी शहद भी उपलब्ध है जिसे इन्होंने खुद पाली मधुमक्खियों से प्राप्त किया है।