मंडी, 12 मार्च : स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डा. धनी राम शांडिल ने कहा है कि प्रदेश के डॉक्टरों की मांगें जायज हैं और उन्हें पूरा करने के लिए सरकार पूरी तरह से प्रयासरत है। डा. शांडिल ने कहा कि वे कल शिमला में डॉक्टरों की एसोसिएशन के साथ मुलाकात करेंगे। यह बात उन्होंने मंगलवार को मंडी में जारी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की दूसरी पारंपरिक जलेब (शोभायात्रा) में शिरकत करने के दौरान पत्रकारों से बातचीत में दी।
बता दें कि प्रदेश में डॉक्टर बीते 50 दिनों से हड़ताल पर हैं। रोजाना दो घंटे पेन डाउन स्ट्राइक करके अपना विरोध जता रहे हैं। डा. शांडिल ने कहा कि डॉक्टरों की मांगों को पूरा करने के लिए कैबिनेट के माध्यम से रास्ता निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से निकाले गए आउटसोर्स या अन्य माध्यमों से रखे गए कर्मचारियों को भविष्य में होने वाली नियुक्तियों में तरजीह देने का भरोसा भी दिलाया।
डा. शांडिल ने मंडी की शिवरात्रि को एक भव्य और अदभुत देव महाकुंभ बताया। उन्होंने कहा कि यहां की देव परंपरा अपने आप में अनूठी है। यह हर्ष की बात है कि यह प्राचीन देव पंरपरा आज पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ रही है और जिला के लोगों ने इसे संजो रखा है। यहां एक स्थान पर सैंकड़ों देवी-देवताओं के दर्शन करने और उनका आशीवार्द लेने का सौभाग्य मिलता है। उन्होंने शिवरात्रि महोत्सव के बेहतरीन आयोजन के लिए धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर और डीसी मंडी अपूर्व देवगन की पीठ भी थपथपाई।
बता दें कि मंडी में बीती 9 तारीख से 7 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है जोकि आने वाली 15 मार्च को संपन्न होगा। इस महोत्सव में जिला भर के 216 देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया है। इस महोत्सव में तीन पारंपरिक जलेबों (शोभायात्राओं) का आयोजन किया जाता है। मंगलवार को इसकी दूसरी पारंपरिक जलेब निकाली गई जिसमें स्वास्थ्य मंत्री डा. कर्नल धनीराम शांडिल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने राज माधव राय मंदिर में जाकर विधिवत पूजा अर्चना की और उपरांत इसके जलेब में भाग लिया। यह जलेब पूरे शहर का चक्कर काटती हुई पड्डल मैदान में जाकर संपन्न हुई।