शिमला, 11 मार्च : महिला कांग्रेस देशभर में ‘नारी न्याय सम्मान’ पखवाड़ा मना रही है। इसी कड़ी में राजधानी शिमला में भी नारी न्याय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन शिमला में आयोजित कार्यक्रम में महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जैनब चंदेल ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर निशाना भी साधा। उन्होंने वर्तमान केंद्रीय भाजपा सरकार के राज में देश भर में महिलाओं के साथ अन्याय होने का भी आरोप लगाया।
इस मौके पर महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि महिला कांग्रेस देशभर में नारी न्याय सम्मान पखवाड़ा मना रही है। इसकी अगुवाई महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा कर रही है। उन्होंने कहा इसी कड़ी में शिमला में भी नारी न्याय सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसमें सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। जैनब चंदेल ने इस दौरान केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में केंद्र की भाजपा सरकार ने नारियों को न्याय नहीं दिलाया। उन्होंने कहा कि बात मणिपुर घटनाओं की हो या महिला पहलवानों की देश में हर तरफ ऐसी कोई जगह नहीं है जहां महिलाओं के साथ अन्याय नहीं हो रहा हो। उन्होंने कहा कि महिला पहलवानों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले बृजभूषण सिंह को केंद्र सरकार ने संरक्षण दिया । ऐसे में महिला कांग्रेस ने महिला को सम्मान दिलाने के लिए नारी न्याय सम्मान समारोह का आयोजन किया है।
प्रदेश अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं का सम्मान करने वाली पार्टी है । यह सिर्फ कांग्रेस में संभव है जहां वर्तमान में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष महिला है । इससे पहले ही अभी तक हिमाचल में पांच महिला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रह चुकी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में महिलाओं को जितना सम्मान मिला है, उतना किसी पार्टी में नहीं मिला । उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता प्रभावितों के जीवन को पटरी पर लाने की थी। धीरे-धीरे आम जीवन पटरी पर आ रहा है । उन्होंने कहा कि पार्टी में महिलाओं को भरपूर सम्मान मिला है।