मंडी, 04 मार्च : नगर निगम मंडी ने शहर के बीचों बीच स्थित ऐतिहासिक घंटाघर की धरातल पर मांडव बुक कैफे के नाम से एक पुस्तकालय खोला है। आज नगर निगम के मेयर वीरेंद्र भट्ट और डिप्टी मेयर माधुरी कपूर ने इसका विधिवत शुभारंभ किया। नगर निगम के कमिश्नर एचएस राणा भी इस मौके पर मौजूद रहे। मेयर वीरेंद्र भट्ट ने बताया कि शहर के लोग विशेषकर बुजुर्गों की मांग पर इस पुस्तकालय को खोला गया है। यहां पर एक साथ 17 लोगों के बैठने और 8 लोगों के खड़े रहकर पुस्तकें या फिर अखबार आदि पढ़ने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि लगभग 50 वर्ष पहले भी यहां पर पुस्तकालय हुआ करता था लेकिन समय के साथ बंद हो गया। अब उसी स्थान पर फिर से पुस्तकालय खोला गया है। उन्होंने बताया कि टाउन हाल में डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है और जल्द ही उसे भी जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
इस मौके पर मंडी शहर के 96 वर्षीय वयोवृद्ध साहित्यकार कृष्ण कुमार नूतन को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था और उन्हें सम्मानित भी किया गया। कृष्ण कुमार नूतन ने 50 से अधिक किताबें लिखी हैं जिनमें मंडी और हिमाचल प्रदेश पर कई किताबें शामिल हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि किताबें इंसान बनाती हैं और यह खुशी की बात है कि आज मंडी में उस स्थान पर पुस्तकालय खुला है जहां पर वह चाहते थे।
वहीं, शहर के लोगों ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत किया है। स्थानीय निवासी नीरज हांडा और हरमीत सिंह बिट्टू ने कहा कि बुजुर्गों को समय व्यतीत करने और ज्ञानवर्धक किताबें पढ़ने के लिए एक उपयुक्त स्थान मुहैया हुआ है जबकि भावी पीढ़ी को भी यहां मोबाईल से हटकर किताबें पढ़ने और उनसे ज्ञान प्राप्त करने का मौका मिलेगा।