शिमला, 03 मार्च : हिमाचल में चल रहे सियासी घमासान के बीच नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बड़ा बयान दिया है। जयराम ने कहा है कि प्रदेश में बने हालातों से ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस का सत्ता में रहना कठिन है। आपसी लड़ाई की वजह से कांग्रेस सरकार का सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। प्रदेश में कुछ भी हो सकता है। ऐसे में कार्यकर्ता तैयार रहे।
यह बात नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला के गंज में आयोजित त्रिदेव और पंच परमेश्वरसम्मेलन के दौरान कही है। शिमला के गंज बाजार में आज भाजपा शिमला मंडल का त्रिदेव सम्मेलन हुआ, जिसमें लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा शिमला मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की गई।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पूरे देश में पार्टी पीएम मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रही हैं। 195 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी गई है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की आपसी लड़ाई की वजह से सत्ता में रहना कठिन है। मंत्रिमंडल की बैठक से मंत्री भाग रहे हैं कुछ अपना इस्तीफा दे रहे हैं। विधानसभा के अंदर विधायक सरकार के खिलाफ है। ऐसे हालातों आने वाले समय में कुछ भी हो सकता है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। बूथ पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करना त्रिदेव का काम होता है। कार्यकर्ताओं को पोलिंग बूथ पर ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़कर पार्टी के पक्ष में वोट करने के साथ जीत सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इस मौके पर उनके साथ विधायक सुखराम चौधरी, बलवीर वर्मा, इंदर सिंह गांधी, सुरेंद्र शौरी, प्रकाश राणा, दिलीप सिंह ठाकुर, पूर्णचंद, पूर्व प्रत्याशी संजय सूद, किसान मोर्चा अध्यक्ष संजीव देष्टा, मण्डल अध्यक्ष सुनील धर, उपाध्यक्ष किमी सूद, मंडल सचिव तरुण राणा, शैली शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता पदाधिकारी और शिमला शहरी के सभी त्रिदेव और पंच परमेश्वर आदि उपस्थित रहे।