कांगड़ा, 14 अक्तूबर : उपमंडल में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब चोरों ने बंडिया खोपा में घर के ताले तोड़कर लाखों की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ किया है। प्रभावित व्यक्ति संजू ठाकुर ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मौके पर पहुंच कर कई साक्ष्य जुटाए हैं। बताया जा रहा है कि महाकाल चौक पर रात 2 बजे के बाद चार लोगों को सीसीटीवी कैमरे में जाते हुए देखा है।
संजू ठाकुर ने बताया कि गत सोमवार को धर्मपुर में अपने परिजनों के यहां समारोह में गए थे। रात को घर नहीं लौट सके। मंगलवार सुबह 9 बजे जब वे घर पहुंचे तो घर के ताले टूटे हुए थे। सभी कमरों में सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोरों ने पिछले दरवाजे से घर में प्रवेश किया। जिसके बाद नकदी और जेवरात पर हाथ साफ करने के बाद फ्रिज में रखा दूध और फल आदि भी खा गए।
उन्होंने बताया कि घटना में उन्हें करीब 12 लाख का नुकसान हुआ है। उसी रात को चोरों ने संजू राणा के घर के समीप अन्य दो घरों में भी सेंधमारी की है, लेकिन घर में लोगों के मौजूद होने पर वहां पर चोरी करने में असफल रहे हैं। समीप के एक घर का व्यक्ति चोरों की आहट सुनकर उठ गया। इसके बाद चोर अपनी चप्पल भी उसी घर के बाहर छोड़ गए।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी चोरों ने उन घरों को अपना निशाना बनाया है जिन घरों में वारदात के समय घर में कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। गांववासियों का कहना है कि चोरी की इन घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल है। थाना प्रभारी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि चोरी की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है