हमीरपुर, 26 जून : जनपद केगांव भगेटू के राजन कुमार 100 प्रतिशत दिव्यांग हैं, जिन्होंने आज 5वीं बार रक्तदान किया हैं। वह जब 25 वर्ष के थे, तब सड़क दुर्घटना में रीढ़ की हड्डी टूटने से छाती से नीचे शरीर के हिस्से ने काम करना बंद कर दिया। इसके बावजूद राजन ने हिम्मत नहीं हारी और अपने जीवन को अपने संघर्ष से आगे बढ़ाते रहे। चार पहिया मॉडिफाइड स्कूटी से कहीं भी पहुंच जाते हैं। उनके मन में हमेशा दूसरों के लिए कुछ करने का जज्बा है। इसी के चलते उन्होंने रक्तदान करना शुरू किया, ताकि जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सके।
इसके अलावा वो जिला कोऑर्डिनेटर और हिमाचल प्रदेश की व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के संयोजक भी हैं। राजन खिलाड़ियों को हर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए तत्पर रहते हैं। राजन कुमार ने व्हीलचेयर क्रिकेट टीम की तरफ से हमीरपुर ब्लड डोनर की टीम को समृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
ब्लड डोनर टीम रात दिन रक्त उपलब्ध करवाकर मरीजों की जिंदगी बचाते हैं, इससे बड़ा और कोई भी नेक काम नहीं है। लोगों को बढ़-चढ़कर ऐसे कैंप में जाकर भाग लेना चाहिए।