नाहन, 21 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP Himachal) संजय कुंडू ने चंडीगढ़ हिमाचल भवन (Himachal Bhawan Chandigarh) में तैनात कर्मचारी महेंद्र चौहान को प्रशस्तिपत्र (क्लास-1) व 500 रुपए के नकद पुरस्कार से नवाजा है। पर्यटन विभाग में तैनात महेंद्र चौहान मूलतः ट्रांसगिरि क्षेत्र के बड़वास के रहने वाले हैं। चौहान की उपलब्धि पर गांव में खुशी की लहर है।
पुलिस महानिदेशक ने प्रशस्तिपत्र में लिखा कि उनके हाल ही में चंडीगढ़ प्रवास के दौरान पर्यटन विभाग के कर्मी की सेवाएं प्रशंसनीय थी। गौरतलब है कि चंडीगढ़ में रहते हुए महेंद्र चौहान सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं। लाॅकडाउन के दौरान चंडीगढ़ में फंसे हिमाचल के युवाओं को वापस घरों तक भेजने में भी महेंद्र ने अहम भूमिका निभाई थी।
दीगर है कि महेंद्र चौहान इस समय हिमाचल भवन चंडीगढ़ में रिसेप्शनिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। हिमाचल खासकर सिरमौर से पीजीआई चंडीगढ़ आने वाले मरीजों व तिमारदारों को इम्दाद पहुंचाने में भी 24 घंटे तैनात रहते हैं।
अप्रैल माह में हिमाचल भवन चंडीगढ़ इकाई के त्रैवार्षिक चुनाव में चौहान को हिमाचल प्रदेश पर्यटन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष की कमान भी सौंपी गई थी।