मंडी, 25 जून : सदर मंडल भाजपा के अध्यक्ष मुनीष कपूर का कहना है कि इस बार प्रदेश में सरकार नहीं रिवाज बदलेगा। मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने सदर विधानसभा क्षेत्र से फिर से भाजपा की जीत का दावा किया। हालांकि सदर से अपने मौजूदा विधायक को लेकर उन्होंने कुछ नहीं कहा।
मुनीष कपूर ने कहा कि वे और पूरा सदर मंडल, संगठन के लिए काम कर रहा है। ऐसे में संगठन की तरफ से जो आदेश प्राप्त होता है उसी दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सदर में संगठन को पूरी तरह से मजबूत किया गया है और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में पूरा संगठन एकजुट है। इसलिए यहां पर भाजपा की जीत पूरी तरह से सुनिश्चित है।
वहीं उन्होंने सदर विधानसभा में सीएम जयराम ठाकुर की सरकार द्वारा करवाए गए विकास कार्यों का बखान भी किया। मुनीष कपूर ने कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र के इलाका तुंगल को आज एसडीएम कार्यालय की सौगात मिली है, पंडोह को पुलिस थाने और डिग्री कालेज की सौगात मिली है।
वहीं मंडी शहर में विकास के अथाह कार्य हुए हैं। धुआं देवी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है। यह सब कार्य सीएम जयराम ठाकुर और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा ही किए गए हैं। इस मौके पर उनके साथ जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह और सदर महामंत्री दीवान चंद सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।