• Skip to primary navigation
  • Skip to main content
  • Team
  • Services
  • Contact
  • Matrimony

MBM NEWS NETWORK

Indian News

  • होम
  • हिमाचल प्रदेश
    • सिरमौर
    • सोलन
    • मंडी
    • उद्योग
    • दुर्घटनाएं
    • उद्योग
    • खेलकूद
  • सामान्य ज्ञान
  • साहित्य
  • विडियो
  • फिल्मी दुनिया
    • मनोरंजन
  • राजनैतिक
  • मनोरंजन
  • युवा
  • क्राइम
  • नेशनल
  • अंतर्राष्ट्रीय 
You are here: Home / क्राइम / जानिए कैसे, पांवटा साहिब में ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग ने लिखी धोखे की स्क्रिप्ट, पनपा संगठित गिरोह…

जानिए कैसे, पांवटा साहिब में ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग ने लिखी धोखे की स्क्रिप्ट, पनपा संगठित गिरोह…

June 2, 2022 by MBM News Network

नाहन, 2 जून: पड़ोसी राज्य हरियाणा में लिंगानुपात चिंताजनक रही है। ऐसी संभावना जताई जाती है कि बेटों के लिए राज्य में शादी करना भी मुश्किल होता जा रहा है। इसी कारण पड़ोसी राज्यों से हिमाचल में वधू की तलाश की जाती है। शायद, इसी कमजोरी का फायदा उठाने के लिए संगठित गिरोह सक्रिय हो चुके हैं।

इसमें बाकायदा फेरे भी होते हैं, वधू दुल्हन का जोड़ा भी पहनती है तो रस्में भी निभाई जाती है। लेकिन कुछ समय बाद हरियाणा से आने वालों को इस बात का अहसास होता है कि वो ठगी का शिकार हो गए हैं।

पांवटा साहिब में सामने आए ताजा घटनाक्रम में तो दुल्हन फेरे लेने के बाद ससुराल तक भी नहीं पहुंची। ठगी का मकसद पूरा होने के बाद वो दूल्हे को बीच बाजार में ही छोड़कर गैंग के सदस्यों के साथ चंपत हो गई। गौरतलब है कि पांवटा साहिब में लुटेरी दुल्हन के किस्से पहले भी सामने आ चुके हैं।

बहरहाल, ताजा घटनाक्रम में हरियाणा के करनाल का परिवार लाखों की ठगी का शिकार हुआ है। करनाल के गांधीनगर के रहने वाले ओम प्रकाश छोटे बेटे राजकुमार (परिवर्तित नाम) की शादी को लेकर चिंतित थे। इसी बीच अपने ही शहर में एक व्यक्ति ने ओम प्रकाश को रेखा नाम की महिला का मोबाइल नंबर ये कहते हुए दिया कि वो उत्तराखंड के विकास नगर की रहने वाली है, बेटे की शादी के लिए वधू को ढूंढ देगी।

ओम प्रकाश का संपर्क फोन पर रेखा से हो गया। रेखा ने शादी करवाने के लिए एक लाख रुपए मांगे। सहमति हो गई। रेखा ने पीड़ित परिवार को एक लड़की की फोटो भेज दी। रजामंदी हो गई। 3 मई 2022 को पांवटा साहिब के विश्वकर्मा मंदिर में शादी मुकर्रर हो गई। बारात में ओम प्रकाश का बड़ा बेटा व बेटी भी पहुंचे।

ओम प्रकाश के छोटे बेटे की शादी रनिता से हो गई। शादी समारोह का वीडियो भी पीड़ित पक्ष ने पुलिस को उपलब्ध करवाया है। शादी के दौरान आरोपी महिला की सहेली सोनू के अलावा रवि, कार्तिक अग्रवाल, कांता भी पहुंच गए। शादी से पहले ही आरोपी महिला  ने पीड़ित परिवार से एक लाख की राशि हड़प ली थी। फेरों के बाद उसने 11 हजार रुपए के ईनाम की मांग कर डाली। दूल्हे ने गूगल पे के जरिए आरोपी कार्तिक अग्रवाल के खाते में 11 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।

शादी की रस्म पूरी होने के बाद रेखा व कार्तिक अग्रवाल स्कूटी (UK07-FD0949) पर चंपत हो गया। आरोपी सोनू ने मंदिर में नाटक शुरू कर दिया। वो कहने लगी कि हमें दुल्हन के लिए कपड़े खरीदने हैं। उसके बाद दूल्हा अपने भाई व बहन के साथ वधू रनिता व सोनू को गाड़ी में बिठाकर बाजार ले गया।

बाजार में उतरते ही आरोपी सोनू ने हल्ला करना शुरू कर दिया। इसी दौरान गिरोह की अन्य सदस्य प्रमिला व कांता भी पीड़ित पक्ष के पास पहुंच गई। इसी दौरान आरोपी रवि अपनी कार लेकर स्पीड में मौके पर पहुंचा। रनिता व सोनू को कार में बिठाकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित पक्ष ने कांता को मौके पर दबोच लिया तो उसने ये तसल्ली दी कि आप चले जाओ, दुल्हन को वो समझा कर जल्दी करनाल भेज देगी।

घटना के दिन शर्म के कारण परिवार ने पुलिस में मामला दर्ज नहीं करवाया। उन्हें बेइज्जती का डर लग रहा था। कई दिन तक इंतजार के बाद दुल्हन ससुराल नहीं पहुंची। फोन भी बंद मिला। पीड़ित पक्ष ने अपनी शिकायत में ये भी कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि ये पेशेवर गैंग है, शादी करवाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपए ठगते हैं।

उधर, पुलिस ने आईपीसी की धारा 420 व 120B के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी वीर बहादुर ने पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Filed Under: क्राइम, सिरमौर, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Sirmour news



Copyright © 2022