मंडी, 30 दिसंबर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंडी आगमन पर लगाई गई प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनती जा रही है। लोग दूर-दूर से आकर मंडी शहर के पड्डल मैदान में लगी विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ ही जरूरी जानकारी भी हासिल कर रहे हैं। प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार के 11 विभागों ने प्रदेश की विकास यात्रा दिखाने के अलावा एक विशेष थीम के साथ पिछले चार वर्षों की उपलब्धियों को दर्शाया है।
इनमें कृषि विभाग ने अपने स्टॉल में जहां प्राकृतिक खेती की थीम रखी है, वहीं सूचना प्रौद्योगिकी एवं राजस्व विभाग ने ड्रोन टेक्नोलॉजी व आपदा न्यूनीकरण, जल शक्ति विभाग ने जन जीवन मिशन को थीम बनाया है, स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना टीकाकरण की डबल डोज को थीम बनाया है। पर्यटन विभाग ने ‘हैवनली हिमाचल’, उद्योग विभाग ने आत्मनिर्भर हिमाचल-आत्मनिर्भर भारत और ग्रामीण विकास विभाग ने स्वयं सहायता समूह व सशक्तिकरण को थीम बनाया है।
सामाजिक कल्याण विभाग ने पोषण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन व सक्षम अभियान, लोक निर्माण विभाग ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, उद्यान विभाग ने खुंब खेती और ऊर्जा विभाग ने हरित विद्युत थीम के साथ उपलब्धियों को दर्शाया है। जनता इस प्रदर्शनी का खुब लाभ ले रही है। लोगों का कहना है कि यहां पर सभी प्रकार की जानकारी एक छत के नीचे मिल रही है।