मंडी,22 नवंबर : मंडी में हार पर मंथन करने के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि ओवर कॉन्फिडेंस के कारण भाजपा की हार हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकारें हैं और पिछला लोकसभा का चुनाव भी पार्टी ने 4 लाख से अधिक मतों से जीता था। ऐसे में सभी अपनी जीत को लेकर ओवर कॉंफिडेंट रहे, जिस कारण हार हुई है।
खुद उनके गृह क्षेत्र में जो लीड मिलनी चाहिए थी वो नहीं मिली। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस को कुछ स्थानों से श्रद्धांजलि के नाम पर वोट मिले हैं लेकिन यह वोट हर बार नहीं मिलेंगे। जयराम ठाकुर हार की जिम्मेवारी लेते हुए कहा कि जो कमियां रही हैं उनमें सुधार किया जाएगा। मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों की डिटेल रिपोर्ट केंद्र को भेजी जाएगी और वहां से जो निर्णय होगा, उसी पर काम किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी समय में सरकार और संगठन में सख्त निर्णय लिए जाएंगे।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी में कुछ भीतरघात भी हुआ है जिसके बारे में मीडिया में ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता। यह संगठन के अंदर की बात है और संगठन उसपर जांच पड़ताल भी कर रहा है। कुछ कार्यकर्ता नाराज थे और नोटा को जो वोट पड़े वो भाजपा को पड़ने थे, लेकिन नाराज लोगों ने नोटा का बटन दबाया। अधिकतर कार्यकर्ताओं में कोई नाराजगी नहीं है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि इससे पहले भी कई सत्ताधारी दल उपचुनाव हारे हैं और इनका आम चुनावों से कोई लेना देना नहीं होता है। उन्होंने कहा कि 2022 में जो चुनाव होगा उसमें भाजपा पूरी जी जान से काम करेगी और प्रदेश में फिर एक बार भाजपा की सरकार बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान जो हार हुई है उसका दुख तो है लेकिन यह भविष्य में बेहतर काम करने का संकेत भी है। इसलिए भविष्य में और ज्यादा मेहनत के साथ काम किया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और गोविंद सिंह ठाकुर सहित मंडी संसदीय क्षेत्र के सभी विधायक और भाजपा नेता भी मौजूद रहे।