नाहन, 22 नवंबर : सोलन में आयोजित हिमाचल प्रदेश स्टेट मास्टर्स गेम्स में धौण स्कूल के 7 शिक्षकों ने 45 प्लस कैटेगरी में 22 पदक बटोरे हैं। पदक जीतने वालों में इतिहास की प्रवक्ता सीमा परमार शामिल हैं, जिन्होंने सर्वाधिक 7 पदक जीते हैं। इसमें पांच स्वर्ण, एक रजत व एक कांस्य पदक है। इसके अलावा हिन्दी प्रवक्ता जगत राम ने 3 पदक हासिल किए। उन्होंने दो रजत व एक स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता मोहन लाल शर्मा को एक स्वर्ण व दो रजत पदक मिले। टीजीटी आर्ट्स की आशिना शर्मा ने एक स्वर्ण पदक प्राप्त किया। प्राथमिक पाठशाला धौण के सीएसटी लाल सिंह ने एक स्वर्ण व एक कांस्य पदक पर कब्जा किया। टीजीटी आर्ट्स नरेश कुमार को दो कांस्य पदक प्राप्त हुए हैं। संभवतः इस प्रतियोगिता में शिक्षकों की ये एकमात्र टोली थी, जिसे इतने पदक प्राप्त हुए हैं।
खास बात ये है कि इस प्रतियोगिता में पदक जीत कर शिक्षकों ने अपने शिष्यों को फिटनेस का भी संदेश दिया है। इसमें कोई दो राय नहीं है कि शिष्य अपने गुरुओं के पदचिन्हों पर भी चलने की कोशिश करते हैं। कुल मिलाकर शिक्षकों का फिटनेस को लेकर ये शानदार संदेश है।