सोलन, 19 नवंबर : करीब एक सप्ताह पहले बिल्डिंग से गिरकर घायल युवक की पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई है। 13 नवंबर की रात पुलिस चौकी सपरून को सूचना मिली थी कि देहुंघाट में गोयल मोटर के समीप एक व्यक्ति बिल्डिंग से गिरा है। जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एक ढाबा की साथ बनी बिल्डिंग की गली में 108 एम्बुलेंस कर्मी व स्थानीय लोगों की सहायता से नीचे गिरे व्यक्ति को बाहर निकाल कर क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया। घायल व्यक्ति की पहचान 29 साल के परविन्द्र पुत्र भीम सिंह गांव सयाणा तहसील राजगढ़ जिला सिरमौर के तौर पर की गई।
घायल परविन्द्र को आगामी उपचार हेतु पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया। वीरवार को उपचार के दौरान उसकी पीजीआई चंडीगढ़ में मृत्यु हो गई। मृतक के पिता भीम सिंह ने बेटे की मृत्यु पर किसी प्रकार का सन्देह व्यक्त नहीं किया है। प्रारम्भिक जांच में युवक की मौत गिरने के कारण सिर में चोट लगने से हुई है। पुलिस थाना सोलन में धारा 174 दंड प्रक्रिया संहिता के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।