बिलासपुर,24 अक्तूबर : हिमाचल के बिलासपुर में 31वी राष्ट्रीय “वाटर स्पोर्ट्स” प्रतियोगिता बारिश की रिमझिम फुहारों में शुरू हो गई है। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रदेश सरकार के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने किया। इस मौके पर प्रधान सचिव ओंकार शर्मा, जिलाधीश पंकज राय, उपमंडल अधिकारी सुभाष गौतम मौजूद रहे। प्रतियोगिता में पूरे देश के 26 राज्यों की टीमों से 550 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
बिलासपुर में राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2007 में हुई थी। 14 साल के बाद अब 2021 में इस प्रतियोगिता का आयोजन बिलासपुर में किया जा रहा है। जिसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। गत रात से ही बरसात का दौर जारी था, जिसके चलते रविवार को बरसात की रिमझिम फुहारों के बीच राष्ट्रीय प्रतियोगिता शुरू हुई है।
इस प्रतियोगिता से बिलासपुर पर्यटन की दृष्टि से विकसित होगा। जिससे लोगों को रोजगार के साधन भी उपलब्ध होंगे। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर गोविंद सागर झील को देखकर बाहर प्रदेशों से आए खिलाड़ियों में काफी उत्साह नजर आया।