मंडी,24 अक्तूबर: पूर्व मंत्री एवं सोलन से कांग्रेस के विधायक कर्नल धनीराम शांडिल ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को वीरांगना बताया है। आज मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए धनीराम शांडिल ने कहा कि दुख की इस घड़ी में भी प्रतिभा सिंह ने जनभावनाओं की कद्र करते हुए चुनावी रण में उतरने का जो फैसला लिया वो एक वीरांगना ही कर सकती है।
आज यदि वीरभद्र सिंह शारीरिक रूप से हमारे बीच में मौजूद नहीं है लेकिन स्वर्ग से वे सब कुछ देख रहे हैं कि कौन क्या कर रहा है। यदि डॉ. वाईएस परमार ने हिमाचल प्रदेश का नक्शा तैयार किया था तो उस नक्शे में विकास के रंग वीरभद्र सिंह ने भरे हैं, जिन्हें कभी नहीं भुलाया जा सकता।
वीरभद्र सिंह ने प्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी और आज अगर उनके कुछ सपने अधूरे रह गए हैं तो उन्हें पूरा करने के लिए प्रतिभा सिंह अब मैदान में डट गई है।
धनीराम शांडिल ने कहा कि सेना को कभी भी राजनीति में नहीं लाना चाहिए। आज भाजपा कारगिल युद्ध को लेकर तरह-तरह की बातें कर रही है जबकि उन्होंने खुद 1971 की जंग लड़ी है और कभी भी इसका जिक्र नहीं किया। हर सैनिक को संविधान के अनुरूप शपथ दिलाई जाती है और उसका पालन करना उसका कर्तव्य होता है। इस बात को ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर भली प्रकार से जानते हैं। खुशाल ठाकुर हमारे सहयोगी आफिसर रहे हैं और उन्हें इन बातों की जानकारी है।