मंडी, 24 अक्तूबर : भाजपा के स्टार प्रचारक एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को बल्ह विधानसभा क्षेत्र के पैड़ी से विपक्ष पर कई जुबानी हमले करते हुए कहा कि आज कांग्रेस के लोग मुझसे यह पूछ रहे हैं कि आपकी उपलब्धियां क्या है। लगता है कांग्रेसियों के लिए हजारों करोड़ के घोटाले ही उपलब्धियां हैं, जमीन पर हुआ विकास उन्हें नजर नहीं आता।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के मित्र आजकल परेशानी के दौर से गुजर रहे है। कांग्रेस पार्टी का छोटे से छोटे और बड़े से बड़े राज्यों में खाता भी नहीं खुल पाया है। भारतीय जनता पार्टी देश की नहीं दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी उभरकर सामने आई है।
वहीं उन्होंने बनने जा रहे प्रस्तावित हवाई अड्डे को लेकर कहा कि बल्ह क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसको लेकर सर्वे हो चुके हैं और आने वाले दिनों में भूमि अधिग्रहण और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इससे हिमाचल प्रदेश में बड़ा जहाज उतरने का सपना पूरा होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के स्टार प्रचारक शांता कुमार ने कहा कि जैसे उन्हें पानी वाला मुख्यमंत्री कहां जाता है उसी तरह आने वाले चार-पांच वर्षों के बाद सीएम जयराम ठाकुर को खुशहाली वाले मुख्यमंत्री के तौर पर जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुई इन्वेस्टर्स मीट के बाद युवाओं के लिए रोजगार के साधन खुलेंगे, जिससे बेरोजगारी को दूर किया जाएगा।