नूरपुर (कांगड़ा), 27 जुलाई : हिमाचल में किन्नौर के बाद अब कांगड़ा जनपद में लैंड स्लाइड (Landslide) होने की खबर है। मगर इसमें गनीमत ये है कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर ये हादसा पठानकोट-मंडी हाईवे (Highway) पर नूरपुर उपमंडल के न्याजपुर के समीप हुआ है।
शुरूआती जानकारी के मुताबिक लैंड स्लाइड की वजह से चलती कार पर विशालकाय बोल्डर (Giant Bolder) गिरे। कार आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त (Damage) हो गई। अंदर फंसे कार चालक को कार का ऊपरी हिस्सा काटकर सुरक्षित निकाल लिया गया। इस घटना में जाको राके साईंयां की कहावत भी चरितार्थ हुई है। हादसे में चालक की टांग में फ्रैक्चर (Fracture) हुआ है, जिसे उपचार के लिए टांडा मेडिकल काॅलेज (Tanda Medical College) रैफर किया गया है।
उधर प्रशासन ने हाईवे पर भूस्खलन को लेकर अलर्ट जारी किया है, ताकि भूस्खलन की आशंका को लेकर पहले पुख्ता जानकारी को जुटा लिया जाए। दीगर है कि कांगड़ा के ही बोह में लैंड स्लाइड के बाद हुई तबाही में 11 व्यक्तियों की मौत हो गई थी। उल्लेखनीय है कि मंडी-पठानकोट हाईवे पर कई जगह भूस्खलन की आशंका रहती है।
उधर कांगड़ा के डीसी निपुण जिंदल ने एमबीएम न्यूज नेटवर्क से बातचीत में कहा कि एक स्थान पर भूस्खलन की चपेट में कार चालक आया है। मामूली चोटे आई हैं। डीसी ने बताया कि भूस्खलन को लेकर समूचे जिला में दो दिन का अलर्ट (Alert) जारी किया गया है।