मंडी, 06 जनवरी : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के जन्म दिवस के मौके पर मंडी जिला भाजपा ने मंडी की पधियूं पंचायत के बन्यूर गांव में एक अति निर्धन परिवार को शौचालाय व स्नानागार बनाने के लिए 21 हजार रूपये की सहायता राशि प्रदान की। इसके साथ ही मंडी जिला भाजपा ने परिवार को घर का गुजारा चलाने के लिए अतिरिक्त राशन भी मुहैया करवाया।
जिला भाजपा ने इस मौके पर कहा कि आने वाले पूरे सप्ताह भर मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के मौके पर सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें पूरे सप्ताह मंडी जिला के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों को किया जाएगा। इसके साथ ही गरीब, निर्धन लोगों को राशन इत्यादि भी वितरित किया जाएगा। साथ ही जरूरतमंदों को यथासंभव आर्थिक सहायता भी की जाएगी।
इस अवसर पर जिला मंडी भाजपा अध्यक्ष रणवीर सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को उनके जन्मदिन की बधाई दी और उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रदेश में आने वाले समय में और तेज गति से विकास करवाएंगे। इस मौके पर उनके साथ भाजयुमों के रोकश वालिया, जिला मिडिया प्रभारी प्रशांत शर्मा व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।