सोलन, 4 दिसंबर: शहर के नामी समाजसेवी योगेंद्र सेठी का 64 वर्ष की उम्र में देहांत हो गया है। वो काफी अरसे से बीमार चल रहे थे। इसी के चलते उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल किया गया था। वहीं पर शुक्रवार को अंतिम सांस ली। दिवंगत योगेंद्र सेठी एक समाजसेवी के रूप में जाने जाते थे। मिलनसार व्यक्तित्व की वजह से हर व्यक्ति से घुल-मिल जाते थे। दिवंगत सेठी ने जीवन में अच्छे कलाकार में रूप में भी अपनी पहचान बनाई थी।
दिवंगत सेठी ही वो शख्स थे, जिन्होंने देश के कलाकारों को फिलफोर्ट क्लब के माध्यम से जोड़ा हुआ था। हर साल 10 दिन तक चलने वाले फिलफोर्ट फेस्टिवल में अभिनय के क्षेत्र से जुड़े देश भर के कलाकार सोलन में ही एकत्रित होते थे। दिवंगत सेठी अपने पीछे पत्नी, दो बेटों, पुत्रवधुओं के अलावा पोती को छोड़ गए हैं।
बता दें कि दिवंगत सेठी के बड़े भाई सुरेंद्र सेठी का कांग्रेस की राजनीति में एक अहम नाम है। पारिवारिक जानकारी के मुताबिक दिवंगत सेठी का अंतिम संस्कार शनिवार को चंबाघाट में किया जाएगा।