मंडी : ऊना में कोरोना के तीन पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद क्षेत्र में हडकंप मच गया है। यह तीनों पॉजिटिव लोग मंडी के रहने वाले हैं। इनमें दो मंडी के और एक सुंदरनगर का रहने वाला बताया जा रहा है। डीसी ऋग्वेद ठाकुर ने इसकी पुष्टि कर दी है। उन्होंने बताया कि तीनों के परिवारों को ऐहतियात के तौर पर होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। तीनों की ट्रेवल हिस्ट्री का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इस संदर्भ में ऊना प्रशासन से जानकारियां मांगी गई हैं।
https://youtu.be/sJzSaaS5ZzQ
बता दें कि यह तीनों तबलीगी जमात में शामिल होने दिल्ली के निजामुद्दीन गए हुए थे। बताया जा रहा है कि बीती 21 या 22 मार्च को इन्होंने ऊना में प्रवेश किया और वहां पर इन्हें रोक दिया गया। रोकने के साथ ही इन्हें वहां पर क्वारंटाइन कर दिया गया। पिछले कल जब इनके सैंपल जांच के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजे गए थे। आज जब इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो ऊना के साथ-साथ मंडी में भी हडकंप मच गया।
अभी तक प्रारंभिक जानकारी जो मिल रही है उसके अनुसार यह तबलीगी जमात में शामिल होने के बाद वापिस अपने घर नहीं आए हैं। यही एक थोड़ी सी राहत भरी खबर है, लेकिन जब तक इनकी ट्रेवल हिस्ट्री का पता नहीं चलेगा तब तक इस संदर्भ में अधिक कुछ भी नहीं कहा जा सकता। उधर ऊना से मिल रही जानकारी के मुताबिक तीनो ही अंब उपमंडल की एक मस्जिद में शरण लिए हुए थे ,जो लॉकडाउन की वजह से आगे नहीं जा पाए।