शिमला : हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों ने पूरे प्रदेश को सकते में डाल दिया है। ऊना जिला में तीन कोरोनो पाॅजिटिव मरीजों के पाए जाने से सरकार व प्रशासन चौकन्ना हो गया है। दिल्ली से लौटे तकलीबी जमात के लोगों में कोरोना के लक्षण मिलने की संभावना जताई जा रही है।
ताजा घटनाक्रम में हिमाचल प्रदेश के लगभग 700 लोगों के टाॅवर लोकेशन पिछले दिनों दिल्ली के निजामुद्दीन में पाए गए हैं। ये लोग मुस्लिम समुदाय से संबंधित हैं। यानि से लोग दिल्ली में मौजूद थे और इसके बाद संभवतः हिमाचल में अपने घरों को लौटे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक केंद्र ने हिमाचल सरकार को इस बात से अवगत करवाते हुए ऐसे लोगों की गतिविधयों पर नजर रखने को कहा है, ताकि कोरोना का संक्रमण फैलने से रोका जाए। यह भी पता चला है कि प्रदेश सरकार के निदेश पर इन सभी लोगों के मोबाइल फोन सर्विलांस पर रख दिए गए हैं।
साथ ही प्रदेश सरकार ने सभी उपायुक्तों व पुलिस अधीक्षकों को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस बीच राज्य सरकार ने दिल्ली व बाहरी राज्यों से लौटे तबलीगी जमात के 23 नए लोगों की पहचान की है। प्रशासन ने इन सभी को क्वारंटाइन पर रख लिया है। हिमाचल प्रदेश में अब तक मुस्लिम समुदाय के ऐसे 190 लोग दूसरे राज्यों में होने वाले मजहबी कार्यक्रमों से हिस्सा लेकर वापस लौटे हैं। इन सभी को क्वारंटाइन कर लिया गया है। राज्य के डीजीपी एसआर मरड़ी ने 190 तबलीगी जमातियों को क्वारंटीन करने की पुष्टि की है।