मंडी : सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत समैला के अलसोगी गांव में पति के किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध होने के शक पर 26 वर्षीय पत्नी ने फंदा लगाकर जान दे दी। इस पर हत्या का आरोप लगाते हुए मायका पक्ष ने मौके पर हंगामा कर दिया। हालांकि हटली पुलिस ने मौके पर स्थिति संभाली और मृतिका के पति, सास-ससुर व ननंद को हिरासत में लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय सभ्य कुमारी पत्नी विपिन कुमार निवासी अलसोगी, समैला ने वीरवार दोपहर बाद करीब 3 बजे फंदा लगाकर जान दे दी।
बताया जा रहा है कि सभ्य कुमारी अपने पति के साथ दिल्ली जाना चाहती थी, जहां उसका पति किसी निजी कंपनी में नौकरी करता है। लेकिन पति ने उसे दिल्ली ले जाने से इंकार कर दिया। बताया जा रहा है कि सभ्य को संदेह था कि उसके पति का दिल्ली में किसी अन्य महिला से अवैध संबंध है। इसी को लेकर वह अपने पति के साथ दिल्ली जाने के लिए अड़ी हुई थी। पति के इंकार करने पर जब वह वापस जा रहा था तो सभ्य कुमारी ने पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी।
सूचना मिलने पर वार्ड पंच व प्रधान मौके पर पहुंचे। प्रधान ने पुलिस और सभ्य के मायके वालों को सूचित किया। वे भी पंचायत उपप्रधान रत्न वर्मा सहित अल्सोगी पहुंच गए। इस दौरान मायका पक्ष ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। स्थिति को बिगड़ती देखकर हटली थाना और सरकाघाट से अतिरिक्त पुलिस बल मंगवाया गया। डीएसपी चंद्रपाल सिंह सहित अन्य पुलिस बल ने स्थिति को संभाला।
मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने सभ्य के पति विपिन कुमार, उसके पिता भागीरथ, माता फुल्लां देवी और बहन को हिरासत में ले लिया। मायका पक्ष की ओर शव को भी पोस्टमार्टम नहीं ले जाने दिया गया। डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि स्थिति नियंत्रण पर है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सरकाघाट ले जाया जा रहा है।