शिमला (एमबीएम न्यूज) : पांच दिन पहले शिमला के शोघी में 2 हजार के 70 नकली नोटों के साथ पकड़े
गए आरोपी पंजाब के फिरोजपुर में व्यापक मात्रा में नकली नोट छापा करते थे। नकली नोट छपाने के लिए आरोपियों ने बाकायदा फिरोजपुर में एक फैक्ट्री खोली हुई थी, जहां से कंपयूटर, प्रिंटर, फोटो स्टूडियो में स्कैनिंग की मदद से गोरखधंधा चला रहे थे। आरोपी दो हजार रूपये का नकली नोट बनाते थे और इसे आसानी से चलाने में भी कामयाब हो जाते थे।
रिमांड पर चल रहे फिरोजपुर निवासी आरोपियों हरनेक और दौलत राम ने यह खुलासे किए हैं। आरोपियों की बातों को पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है और नकली नोटों की फैक्ट्री का पता लगाने के लिए अपनी एक टीम फिरोजपुर भेजने की तैयारी में है। जल्द ही पुलिस फिरोजपुर में आरोपियों द्वारा बताए गए ठिकानों पर छापा मारेगी। इस संबंध में पुलिस ने पंजाब पुलिस से भी संपर्क साधा है। दोनों आरोपियों को 19 मई को एक कार से गिरफतार किया गया था। आरोपी शोधी की एक दुकान में नकली नोट चला रहे थे। लेकिन दुकान मालिक को शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और शोघी में वाहनों की चैंकिंग के लिए नाका लगा दिया। दिन दहाड़े आरोपियों को धर दबोचा गया और उनके कब्जे से 1 लाख 40 हजार की नकली रकम बरामद हुई। दोनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर 7 दिन की रिमांड हासिल की है।