कुल्लू (एमबीएम न्यूज): रविवार दोपहर विधिवत तरीके से ढालपुर मैदान में हिलोपा का भाजपा में विलय हो गया है। भाजपा के खेमे में पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व में हिलोपा के विलय को लेकर औपचारिकताएं निभाई गई। हिलोपा के सुप्रीमो महेश्वर सिंह समेत पूर्व मंत्री श्यामा शर्मा के अलावा कई ऐसे चेहरों ने भाजपा का दामन थामा, जो 2012 में भाजपा से छिटक कर हिलोपा में शामिल हो गए थे।
पुराने घर में वापसी को लेकर महेश्वर सिंह के चेहरे पर खुशी नजर आ रही थी। सनद रहे कि 2012 में भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर भाजपा के कुछ नेताओं ने हिलोपा का गठन किया था। कार्यक्रम में पहले प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा व सांसद के पहुंचने की भी बात कही जा रही थी, लेकिन यह नेता नहीं पहुंचे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण इस विलय समारोह में शिरकत करने नहीं पहुंच सके।
कुल मिलाकर 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने रूठों को साथ लेकर सत्ता वापसी की कोशिश शुरू कर दी है। सनद रहे कि हिलोपा ने पार्टी का अनुशासन तोडऩे पर सोलन के महेंद्र सोफत व धर्म प्रकाश गुप्ता को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था। चूंकि कुल्लू में महेश्वर सिंह की अपनी पैठ हैं, लिहाजा सम्मानजनक भीड़ जुटना तय था।
रविवार को विलय कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने विधायक महेश्वर सिंह को टोपी पहनाकर पार्टी में स्वागत किया, जबकि सांसद रामस्वरूप शर्मा ने पूर्व मंत्री श्यामा शर्मा का इस्तकबाल किया। कार्यक्रम में भाजपा के कुल्लू व मंडी के विधायक मौजूद हैं। अंतिम समाचार तक हिलोपा के नेताओं का भाजपा में स्वागत करने का कार्यक्रम जारी है।