धर्मशाला (एमबीएम न्यूज) : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर सीधा हमला बोला है। पालमपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए शाह ने कहा कि हालांकि वह सीएम के भ्रष्टाचार के मामलों पर अधिक नहीं बोलना चाहते लेकिन इतना जरूर कहना चाहते है कि ऐसा पहली बार देख रहे है जब कोई मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार का तमगा लेकर कुर्सी पर बैठा हुआ हो।
इस बारे पूछे सवाल पर शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के मामलों को उलझाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि मोदी की विकासयात्रा में अगर देवभूमि भी जुड़ जाएं तो बहुत अच्छा होगा। उन्होंने कहा कि वह दावे के साथ कह सकते हैं कि प्रदेश में भाजपा की सरकार तीन चौथाई बहुमत से बनेगी। सनद रहे कि अपने संबोधन के बाद शाह ने केवल उन्हीं पत्रकारों को सवाल पूछने को कहा, जिनके परिचय के साथ नड्डा कहेंगे।
करीब आधा घंटा चली पत्रकारवार्ता में शाह ने कश्मीर मसले पर एक सवाल के जवाब में कहा कि मोदी सरकार इस पर पूरी तरह से गंभीर है। हरियाणा में भाजपा के मतभेदों पर एक सवाल के जवाब में शाह ने कहा कि हरियाणा सरकार बखूबी कार्य कर रही है। कोई भी मतभेद नहीं है, बल्कि जल्द ही हरियाणा प्रदूषणमुक्त राज्य बन जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल से विशेष लगाव है।
केंद्र सरकार से मिलने वाली ग्रांट के आंकडे गिनवाते हुए शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने पहाडी राज्य की ग्रांट 40 हजार 625 करोड की है जो विगत की तुलना में 6 गुणा है। उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार केंद्र से मिल रही ग्रांट का सही उपयोग करें तो कोई भी मुद्दा लंबित नहीं हो सकता। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बडे दुख की बात है कि केंद्र की योजनाओं की राज्य सरकार डीपीआर नहीं बना पा रही है।
शाह ने कहा कि इसके लिए भी 229 करोड रूपये अलग से मुहैया करवाए गए है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के लिए भी सहायता राशि को बढाया गया है। शाह ने कहा कि वन रैंक-वन पे के फैसले से सबसे अधिक फायदा हिमाचलियों को हुआ है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि तीन साल में मोदी सरकार पर एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। विरोधियों को खामोश रहने पर मजबूर कर दिया गया।
शाह ने कहा कि तीन साल पहले जब मोदी सरकार ने देश की सत्ता संभाली थी तो उस समय भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था। उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे बडे लोकतंत्र में नोटबंदी का फैसला सबसे बडा ऐतिहासिक था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कहना है कि मोदी सरकार योजनाओं को बनाना बखूबी जानती है साथ ही इनके क्रियान्वयन में भी बखूबी जानती है। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार हो रहा है कि जब केंद्र में काबिज सरकार को लगातार जनादेश मिल रहा है।
इससे पूर्व अमित शाह के पालमपुर पहुंचने पर जबरदस्त स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, सांसद शांता कुमार के अलावा पूर्व सीएम पीके धूमल भी साथ मौजूद रहे। दो दिवसीय प्रवास के दौरान शाह पार्टी के संगठन के विस्तार व कार्यकर्ताओं से संवाद कर पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए पहुंचे हैं।