शिमला (एमबीएम न्यूज) : नगर निगम चुनाव के लिए अधिसूचना मई के दूसरे सप्ताह तक होने की संभावना है। राज्य चुनाव आयोग के सूत्रों ने बताया कि मई के दूसरे सप्ताह के अंत तक सभी वार्डों की मतदाता सूचियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। सूत्रों का यह भी कहना है कि चुनाव प्रचार के लिए 15 दिन की बजाय 10 दिन किए जा सकते हैं। इसी तरह नामांकन पत्र वापिस लेने क लिए एक दिन की मोहलत की जा सकती है, वहीं 2 दिन नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए रहेंगे।
आयोग को चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के लिए केवल 13 दिन ही चाहिए और मतदान के अगले दिन सभी वार्डों के चुनाव परिणाम घोषित हो जाएंगे। 5 जून से पहले शिमला नगर निगम के जनरल हाउस का गठन हो जाएगा।
उधर, इस बार नगर निगम चुनाव पार्टी सिमबल पर नहीं होंगे। लेकिन फिर भी दोनों प्रमुख दल भाजपा व कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशियों की पहचान शुरू कर दी है। निगम के 34 वार्डों में से 17 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जिनमें 6 वार्ड अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए हैं। नगर निगम में इस बार महापौर का पद अनुसचित जाति की विजयी महिला प्रत्याशी के लिए आरक्षित रखा गया है। जिन वर्तमान पार्षदों के वार्ड अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए आरक्षित नहीं है, लेकिन सामान्य महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, उन पार्षदों की पत्नियों को चुनाव मैदान में उतारने की संभावना है।