शिमला, 8 मई : जिला कुल्लू के शमशी में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अहंकार में आकर विधानसभा में भगवान को चुनौती दी और कहा कि इस सरकार को भगवान भी नहीं बचा सकता। उन्होंने कहा कि पापियों का भगवान भी साथ नहीं देता है और आम आदमी का हित चाहने वाली प्रदेश सरकार को भगवान ने बचाया है।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने के बाद छह बागी एक महीने तक प्रदेश से भागते रहे और एक महीने तक हिमाचल प्रदेश से बाहर रहे। हिमाचल प्रदेश लौटे तो सीआरपीएफ जवानों की सुरक्षा में, जो उन्हें नहीं बल्कि उनके ब्रीफ़केसों को सुरक्षा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का गणित कमजोर है, इसलिए वह बार-बार अपनी सरकार बनने का दावा कर रहे हैं। लेकिन वर्तमान राज्य सरकार अपना पांच वर्ष का कार्यकाल अवश्य पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि जनता की भावनाओं को खरीदने का प्रयास करने वाली भाजपा को जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की संस्कृति को कलंकित करने वालों को सबक सिखाने का वक्त आ गया है और प्रदेश की जनता ही लोकतंत्र को बचा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर ने कंगना रणजीत के खिलाफ भी षड्यंत्र रचा और उन्हें मंडी लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतार दिया। उन्होंने कहा कि कंगना अच्छी हीरोइन हैं, लेकिन उनके निर्देशक फ्लॉप हैं और फिल्म का फ्लॉप होना भी तय है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल कंगना के डायलॉग लिख रहे हैं और जयराम ठाकुर डायरेक्शन दे रहे हैं, लेकिन कांग्रेस के प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह राजनीति के हीरो हैं और उनकी जीत हो कर रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास के नाम वोट मांग रही है और प्रदेश के मतदाता विकास को वोट देंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा हिमाचल हितैषी नहीं है। राज्य सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन प्रदान की और हिमाचल भाजपा के नेता केंद्र के पास एनपीएस के 9000 करोड़ रुपए वापस लाने में अड़ंगे लगा रहे हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने भुंतर से शमशी तक एक रोड शो भी निकाला। इस अवसर पर मंडी से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह, मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।