नाहन, 7 मई : हिमाचल प्रदेश में चुनावी माहौल परवान पर है। मंगलवार को नाहन विधानसभा के सतीवाला में पन्ना प्रमुख सम्मेलन में राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने शिरकत की। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर तीखे हमले किए।
भाजपा मंडल द्वारा भेंट की गई तलवार को जैसे ही म्यान से निकाल कर दीया कुमारी ने हवा में लहराया, वैसे ही पंडाल में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। सम्मेलन में उमडे़ जन सैलाब से भाजपा को नई ऊर्जा भी मिल गई। गर्मी के बावजूद भी पंडाल में दर्शकों की भीड़ टस से मस नहीं हुई।
हिमाचल की ताजा खबरों के लिए ज्वाइन करें हमारा WhatsApp चैनल
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नाहन मंडल के पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की सुक्खू सरकार काॅमेडियन बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जहां भी जाते हैं, वहां कोई न कोई हास्यास्पद कारनामा करके आते हैं। उन्होंने कहा कि डेढ़ साल का ब्यौरा देने की बजाय मुख्यमंत्री मंचों पर मसखरी कर रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश को पहला ऐसा मुख्यमंत्री मिला, जिसका कोई विजन नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के रुष्ट नेताओं को लेकर उपनाम व संज्ञाएं दी जा रही हैं। ऐसा संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति नहीं कर सकता। जनता को शब्दों से भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें कहने की आवश्यकता नहीं है, यदि कुछ साल पहले मीडिया में दिवंगत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा दिए गए बयानों को खंगाला जाए तो साबित हो जाएगा कि सुक्खू ब्लैकमेलर है।
सम्मेलन में राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि कांग्रेस के पास न नेता हैं, न ही नेतृत्व की क्षमता है। दीया कुमारी ने कहा कि समूचा भारत नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए उत्साहित है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस बार 400 पार के लक्ष्य को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस महिलाओं का अपमान करने से भी बाज नहीं आ रही। इसका जवाब जनता देगी।
इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने भी विचार प्रकट किए। भाजपा विधायक सुखराम चौधरी व जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता ने भी सम्मेलन को संबोधित किया।
@R1