शिमला, 07 मई : हिमाचल में बढ़ते सियासी पारे के साथ ऊना जिला की गगरेट विधानसभा में डेढ़ साल बाद चुनावी माहौल गर्मा गया है। 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने राकेश कालिया का टिकट काट युवा चैतन्य शर्मा को टिकट दिया था। चैतन्य के विधानसभा में क्रॉस वोटिंग के बाद इस्तीफा देने से वह भाजपा में शामिल हो गए। ऐसे में कांग्रेस को विधानसभा उपचुनाव में अपने पुराने योद्धा राकेश कालिया को चुनावी मैदान में उतारना पड़ा है।
कालिया 2012 में कांग्रेस के टिकट पर गगरेट से विधायक चुने गए थे। 2017 के चुनाव में उन्हें बीजेपी के राजेश ठाकुर से हार का सामना करना पड़ा था। 2022 में टिकट न मिलने के चलते कालिया कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे। अब इसका उलट हो गया है। चैतन्य शर्मा बीजेपी के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं। वहीं, राकेश कालिया दोबारा कांग्रेस में लौट कर चुनावी ताल ठोक रहे हैं।
कालिया काफी तेज तर्रार नेता हैं। उनकी सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू व डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के साथ नजदीकियां रही हैं। 2022 के चुनाव में प्रदेश के दोनों वरिष्ठ नेता कांग्रेस के अंदरूनी सर्वे में चैतन्य शर्मा के आगे होने के कारण कालिया का टिकट नहीं बचा पाए थे। इस निर्वाचन क्षेत्र में आज तक कभी भाजपा तो कभी कांग्रेस का कब्जा रहा है।
डिलिमिटेशन से पहले गगरेट अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र था। यहां कांग्रेस के दिग्गज कुलदीप कुमार लगातार 1993, 1998 व 2003 में विधायक रहे। वह प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के अलावा वह विधानसभा अध्यक्ष भी रहे। मगर, 2007 में कुलदीप को बीजेपी के बलबीर सिंह ने हराया था। 2012 में पुनर्सीमांकन के बाद यह विधानसभा क्षेत्र सामान्य घोषित हो गया था।
चिंतपूर्णी से चुनाव लड़ने वाले राकेश कालिया को गगरेट शिफ्ट किया गया था। मगर बाद में 2017 में वह भाजपा के राजेश ठाकुर से हार गए। जातीय समीकरणों को देखें तो भाजपा उम्मीदवार चैतन्य शर्मा और कांग्रेस उम्मीदवार राकेश कालिया दोनों ब्राह्मण हैं। कालिया को इस दफा डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री का वर्दहस्त भी प्राप्त है। अग्निहोत्री पूरे ऊना जिले में अपना प्रभाव रखते हैं। ऐसे में कालिया चैतन्य शर्मा को कड़ी चुनौती देंगे।
इसमें कोई दो राय नहीं है। वहीं राजपूत वोटरों में जो सेंध लगाएगा उसे जीतने में आसानी होगी। कुल मिलाकर दोनों ब्राह्मण उम्मीदवारों की ये जंग रोचक होने की उम्मीद है।
@R1