रोनहाट, 23 जून : लाधि महल क्षेत्र के केंद्र बिंदु रोनहाट में पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह के समर्थकों द्वारा बड़ी धूम-धाम से उनका जन्मदिन मनाया गया।
इस दौरान स्थानीय लोगों द्वारा फल एवं मिठाईयां बांट कर वीरभद्र सिंह की लंबी उम्र की प्रार्थना की गई। बसस्टैंड में वीरभद्र सिंह की तस्वीर लगाकर उनके समर्थकों द्वारा केक काटा गया। इस दौरान लोगों का जोश देखकर ऐसा लग रहा था मानो वीरभद्र सिंह के साथ उनके घर हॉली लॉज में जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा हो।
पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दलीप सिंह चौहान ने बताया कि ये पहली मर्तबा हुआ है जब लाधि महल क्षेत्र के लोग वीरभद्र सिंह का जन्मदिन मनाने उनके घर नहीं जा पाए हो। उन्होंने बताया कि हाल ही में वीरभद्र कोरोना से दूसरी बार जंग जीतकर स्वस्थ हुए है।
इस जश्न के माध्यम से वीरभद्र सिंह की लंबी उम्र की कामना की गई है ताकि समूचे प्रदेश को उनका मार्गदर्शन मिलता रहे। इस दौरान दिनेश सिंगटा, अजय चौहान, जगत राम शर्मा, नितिन बिरसांटा, विक्रम चौहान, यशपाल ठाकुर, बाबू राम, रविन्द्र चौहान, जीवा राम शर्मा, प्रताप चौहान, बिलम सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।