मंडी (वी कुमार) : सप्ताह भर चलने वाली भाजपा की तिरंगा यात्रा सोमवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश भर में शुरू हो गई। मंडी जिला मुख्यालय पर भाजपा के सांसद राम स्वरूप शर्मा ने इस तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उनके साथ विधायक एवं मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी जय राम ठाकुर भी मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा जेलरोड़ स्थित शिव मंदिर के पास से शुरू हुई और शहर भर का चक्कर काटने के बाद पंडोह में जाकर संपन्न हुई। पहले दिन यह यात्रा सदर विधानसभा क्षेत्र में निकाली गई और आने वाले समय में इसे जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निकाला जायेगा। मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा के सांसद राम स्वरूप शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार ने 70 कल्याकारी योजनाओं की शुरूआत की है और इन योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचे इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि निकाली जा रही तिरंगा यात्राओं के दौरान जहां लोगों को आजादी के परवानों के बारे में बताया जायेगा वहीं लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी जायेगी। उन्होंने बताया कि 21 अगस्त को इन तिरंगा यात्राओं का समापन होगा। तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
भाजपा के अधिकतर कार्यकर्ता टू व्हीलर पर निकाली गई यात्रा के दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए भी नजर आये। अधिकतर कार्यकर्ताओं ने हेल्मेट नहीं पहने थे।