सुंदरनगर (नितेश सैनी): मुख्य संसदीय सचिव एवं सुंदरनगर विस क्षेत्र के विधायक सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि भाजपा आए दिन विकास कार्य ठप होने की ब्यानबाजी देकर आम जनता को भ्रमित कर रही है।
ठाकुर ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि यह भाजपा की फितरत झूठा प्रचार करके आम जनता को ठगना है। उन्होंने भाजपा के नेताओं को विकास के नाम पर खुली बहस करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा के साथ किसी भी मंच पर आंकड़ा सहित बहस करने के लिए तैयार है। बशर्त की वह आम जनता को गुमराह करने की नीति अपनाना छोड़ दे और सच को अपने हलक से नीचे उतारने का मादा रखे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में ही सवा तीन साल के कार्यकाल में ही एक मात्र सुंदरनगर विस क्षेत्र में ही 20 से भी अधिक स्कूलों को अपग्रेड किया गया है। जबकि भाजपा के कार्यकाल वाली सरकार में मात्र दो ही स्कूल अपग्रेड हुए हैं। उन्होंने कहा कि सुंदरनगर विस क्षेत्र में स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी और सड़क के विकास कार्य कांग्रेस के कार्यकाल में शुरू हुए थे, बीच में भाजपा ने अपने कार्यकाल मात्र विकास को ठप करके ग्रहण सा लगा दिया। जिसे कांग्रेस सरकार ने दोबारा सत्ता में आकर गति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल सुंदरनगर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। निहरी को पुलिस चौकी, कालेज व उपतहसील, डैहर को उपतहसील व रोहांडा को सीएचसी का दर्जा देने समेत अन्य जगहों में भी पीएचसी कांगे्रस के राज मे ही खोले गए हैं। प्रदेश का पहला इंजीनियरिंग कालेज जेएनजीईसी सुंदरनगर भी कांग्रेस सरकार की देन है।