सोलन (एमबीएम न्यूज): कंडाघाट बीडीसी में कांग्रेस ने भाजपा के साथ-हाथ मिला लिया है। कांग्रेस समर्थित रीता ठाकुर तो आम राय से चेयरमैन चुनी गई। जबकि वाइस चेयरमैन पद पर भाजपा समर्थित वीना ठाकुर की ताजपोशी हुई। हैरानी की बात है कि कांग्रेस के पास 15 में से 9 सदस्य है, लेकिन कांग्रेस समर्थित अजय कुमार वाइस चेयरमैन के पद पर मात्र 6 वोट ही प्राप्त कर सके। उधर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलदेव ठाकुर ने कहा कि काली भेड़ों की पहचान की जाएगी।
कंडाघाट बीडीसी में कांग्रेस व भाजपा ने मिलकर चेयरमैन व वाइस चेयरमैन की कुर्सी बांटी। हुआ यूं कि 15 सदस्यों में से कांग्रेस के पास 9 बीडीसी सदस्य थे, लेकिन भाजपा ने कांग्रेस के तीन सदस्यों के साथ तालमेल कर दिया। बुधवार दोपहर 2 बजे विकास खंड अधिकारी कंडाघाट के सभागार में चेयरमैन व वाइस चेयरमैन को लेकर चुनाव हुआ। कांग्रेस की ओर से चेयरमैन पद की उम्मीदवार रीता ठाकुर को आम राय से चेयरमैन चुना लिया गया।
रीता ठाकुर के लिए भाजपा ने भी समर्थन देने का ऐलान कर दिया। लेकिन वाइस चेयरमैन के लिए नगाली चायल से जीते बीडीसी सदस्य अजय कुमार को कांग्रेस ने चुनाव मैदान में उतारा। जबकि भाजपा की ओर से वीना ठाकुर को उतारा गया। एक तरफा मुकाबले में भाजपा की वीना ने अजय कुमार को 9 के मुकाबले 6 वोटों से पराजित कर दिया। अब सवाल यह उठ रहा है कि कांग्रेस की तीन वोटें भाजपा के पक्ष में पड़ी है। यही वजह रही कि भाजपा वाइस चेयरमैन का पद झटकने में कामयाब हो गई। कंडाघाट बीडीसी के चुनाव में कांग्रेस की फजीयत हुई है क्योंकि कांग्रेस के पास 15 में से 9 बीडीसी है।
दूसरी ओर धर्मपुर बीडीसी में भी वोटों के जरिए चेयरमैन व वाइस चेयरमैैन का फैसला हुआ। कांग्रेस ने चेयरमैन के लिए रीता व भाजपा ने आशा को चुनाव मैदान में उतारा। कांग्रेस की रीता को 12 व भाजपा की आशा को 11 वोट पड़े, जबकि वाइस चेयरमैन के लिए कांग्रेस के सोहन सिंह ने भाजपा के कुलदीप को 12 के मुकाबले 11 वोटों से पराजित किया। इस प्रकार धर्मपुर बीडीसी में कांग्रेस ने दोनों पदों पर कब्जा किया। जीत के बाद कांग्रेस ने धर्मपुर में विजय जुलूस निकाला जबकि कंडाघाट में भाजपा कांग्रेस ने मिलकर विजय रैली निकाली। उधर ब्लाक अध्यक्ष बलदेव ने कहा कि कंडाघाट में जो कुछ हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण था। भाजपा के पक्ष में किस कांग्रेस बीडीसी ने वोट दिया है इसकी छानबीन करवाई जाएगी।