कुल्लू (एमबीएम न्यूज़): हिलोपा सुप्रीमो एवं कुल्लू सदर हलके के विधायक महेश्वर सिंह पंचायत चुनाव में भ्रष्टाचार पर तल्ख नजर आए। उन्होंने कहा कि चुनाव में भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा और जीते हुए उम्मीदवारों की खरीद फरोख्त तक हुई। यह पूरा प्रकरण लोकतंत्र के लिए घातक है। हालात देखकर ऐसा लग रहा है कि आर्थिक तौर पर जो संपन्न नहीं होगा, वह चुनाव लडऩे की हिम्मत नहीं कर पाएगा। महेश्वर सिंह बुधवार को कुल्लू के फील्ड होस्टल में पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि हिलोपा के जीते हुए पांच उम्मीदवारों को भी अगवा किया गया। इन उम्मीदवारों को कांगड़ा में रखा गया और चामुंडा मंदिर में कसम तक खिलाई गई। कुल्लू ब्लाक पंचायत समिति अध्यक्ष के लिए हिलोपा के यादवेंद्र और उपाध्यक्ष पद के लिए कर्मचंद उम्मीदवार थे। महेश्वर ने कहा कि उपाध्यक्ष पद भाजपा के लिए छोड़ते हुए कर्मचंद ने अपना नाम वापस लिया और गोवर्धन ने इस पद के लिए चुनाव लड़ा। उन्होंने भाजपा का आभार जताते हुए कहा कि कहा कि पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया में भाजपा ने हिलोपा का साथ दिया। हिलोपा ने भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करने के लिए ही यह चुनाव लड़ा।
उन्होंने कहा कि हिलोपा के साथ तेरह पंचायत समिति सदस्य थे, जिनमें पांच को अगवा किया गया। कई उम्मीदवारों को उनके परिजनों के तबादलों की भी धमकियां दी गई। जिला परिषद को लेकर पूछे गए एक सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि दफ्तरों में तो जगह बन जाती है, लेकिन लोगों के दिलों में जगह बनानी चाहिए। इस मौके पर गोपी चंद शर्मा, देवेंद्र शर्मा, राजेंद्र शर्मा, पंचायत समिति सदस्य यादविरेंद्र कुमार, कर्मचंद] रक्षा देवी, लता देवी, शर्मीला, दिनेश कुमार, ओम प्रकाश और रूमा देवी भी मौजूद रहे।