मंडी (वी कुमार) : नार्थ ईस्ट में भाजपा को मिली बड़ी जीत का जश्न हर ओर नजर आ रहा है। मंडी जिला भी नार्थ ईस्ट की जीत का जश्न मना रहा है। रविवार को मंडी शहर के चौहाटा बाजार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और मिठाईयां बांट जीत का जश्न मनाया।
यह कार्यक्रम सदर मंडल भाजपा की तरफ से आयोजित किया गया था, जिसमें मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद राम स्वरूप शर्मा और ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा सहित अन्य भाजपा के अन्य नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। राम स्वरूप शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि देश को कांग्रेस के साथ-साथ कम्युनिस्ट ताकतों से भी मुक्ति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ कम्युनिस्ट भी केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध करके जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इस ऐतिहासिक जीत से उन्हें करारा जबाव मिल गया है। वहीं ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि भाजपा में संगठन काम करता है और संगठन की बदौलत ही भाजपा को यह जीत हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने आम जनता के हित में जो फैसले लिए हैं उन पर जनता ने अपनी मोहर लगाई है।
सांसद राम स्वरूप शर्मा और ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने इस जीत के लिए केंद्र सरकार और भाजपा हाईकमान को बधाई दी है।