सोलन (एमबीएम न्यूज़) : जिला मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत तोप की बेड़ के तीन गांव के लोगों में पानी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शनिवार की दोपहर बाद गांव के लोगों में विवाद गहरा गया। कुछ समय तक लोगों के बीच जमकर हंगामा हुआ। किसी ने इस घटनाक्रम की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को जैसे तैसे समझया और मामले को शांत करवाया।
जानकारी के मुताबिक जिला मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत तोप की बेड़ के तहत आने वाले बेड़, नौंउ व चौंणा गांव के ग्रामीणों के बीच में पिछले कई दिनों से पानी को लेकर विवाद चल रहा है। बतां दे कि तोप की बेड़ और चौंणा गांव के लोगों को रानी के नाला से पानी की आपूर्ति की जाती है। इसके लिए सिंचाई विभाग ने पाइप लाइन भी बिछाई है।
13 जनवरी की रात्रि किसी ने सिंचाई विभाग द्वारा बिछाई गई पाइप लाइन को उखाड़ दिया। मौके पर किन्हीं अज्ञात लोगों द्वारा करीब 27 पाइपों को रातों रात उखड़ दिया गया। इसी के चलते शनिवार को ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। पाइपों को किन लोगों द्वारा उखाड़ा गया है इस बारे स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस बात को लेकर मौके पर तीनों ही गांव के ग्रामीणों के बीच खूब हंगामा हुआ। पंचायत में ग्रामीणों के बीच पानी को लेकर हो रहे हंगामे की सूचना किसी ने सपरून पुलिस चौकी को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची व ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा बीच बचाओं करने के बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने महिला मंडल तोप की बेड़ की प्रधान हेमलता की शिकायत पर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
उधर एएसपी सोलन मनमोहन सिंह ने कहा कि पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मामला तीन गांव के लोगों के बीच पानी का है।