शिमला, 23 जून : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री स्व.वीरभद्र सिंह की जन्मतिथि मना रही है। पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में उनकी याद में पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वैसे तो 11 बजे रखा गया था लेकिन मुख्यमंत्री इससे पहले ही पुष्प भेंट कर कांगड़ा चले गए। मुख्यमंत्री ने वीरभद्र सिंह की रिज में प्रतिमा लगाने सहित भाजपा के 9 विधायकों के निलंबन व तीन उपचुनावों में कांग्रेस की जीत को लेकर मीडिया से बातचीत की।
![](http://mbmnewsnetwork.com/wp-content/uploads/2024/06/CM-1.png)
इस बातचीत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरभद्र सिंह की रिज पर लगने वाली प्रतिमा को लेकर कहा कि रिज मैदान पर राष्ट्रीय नेताओं की प्रतिमाएं लगती हैं। ऐसे में रिज मैदान के आस-पास उनकी प्रतिमा लगाने पर विचार किया जा रहा है। तीन उपचुनावों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि “ये उप चुनाव जनता पर थोपा गया है। तीन निर्दलीयों को इस्तीफा देने की जरूरत क्यों पड़ी, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। यदि उनके काम निर्दलीय रहते नहीं हो रहे थे तो क्या भाजपा में जाने के बाद हो जायेंगे”।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के 9 सदस्यों द्वारा बजट सत्र के दौरान हंगामे का मामला विधानसभा स्पीकर के विचाराधीन है। उनके निष्कासन पर स्पीकर अंतिम निर्णय लेंगे। जैसे छः सीपीएस पर जयराम ठाकुर कह रहे है कि उनकी सदस्यता चली जाएगी वैसे ही उन्होंने कहा कि 9 भाजपा के सदस्यों की सदस्यता जा सकती है। जय राम ठाकुर कोर्ट में चल रहे सीपीएस मामले पर बयान देकर नियमों की अवहेलना कर रहे हैं।
@K1