गुप्त सूचना के बाद पुलिस की दबिश
ऊना, 27 मार्च : उपमंडल हरोली के दुलैहड़ गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक घर के समीप से अफीम के 423 पौधे बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार टाहलीवाल पुलिस को बुधवार सुबह गुप्त सूचना मिली कि दुलैहड़ गांव में एक घर के पास बड़े स्तर पर अफीम की खेती की गई है। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम दुलैहड़ गांव के वार्ड नंबर दो में रेखा देवी पत्नी कुलविंदर के घर पहुंची।
मौके पर देखा कि घर के पास खेत में तैयार की गई क्यारियों में अफीम के पौधे लगे हुए हैं। इसके बाद पौधों को तुरंत नष्ट किया गया। पौधों की गिनती कर पर संख्या 423 पाई गई। पुलिस टीम ने सभी पौधे जब्त कर जांच शुरू कर दी। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि मामले की जांच जारी है।