शिमला, 26 मार्च: जुन्गा तहसील की ग्राम पंचायत सतलाई के गांव झंडी की 13 वर्षीय बालिका आस्था अंडर 15 राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करके अपने जौहर दिखाएगी। इससे पहले आस्था ने बीते 17 मार्च को सुंदरनगर और 24 मार्च को नालागढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर 15 कुश्ती प्रतियोगिता के 42 किलोग्राम भार में स्वर्ण पदक जीत कर अपने माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
बता दें बीते दो माह से आस्था बिलासपुर की ठाकुर कुश्ती अकादमी चांदपुर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। आस्था ने इस अकादमी में आठवीं कक्षा में दाखिला लिया है। इस दो माह के दौरान इस बालिका ने राज्य स्तरीय अंडर 15 कुश्ती प्रतियोगिता में 42 किलोग्राम भार में अपने जौहर दिखाए हैं। आस्था अब आगामी 28 से 30 मार्च तक नोएडा उत्तर प्रदेश में होने वाली राष्ट्रीय स्तर अंडर 15 कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेगी। आस्था का राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में चयन होने पर पूरे क्षेत्र में प्रसन्नता का माहौल है। सबसे अहम बात यह है कि जुन्गा तहसील से विशेषकर कुश्ती में राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने वाली पहली बालिका है।
आस्था ने अपनी इस सफलता का श्रेय राजकीय उच्च विद्यालय भड़ेच के शारीरिक अध्यापक सुखदेव राणा और कोच विवेक ठाकुर के अलावा अपने माता व पिता रामप्रकाश को दिया है जिनके मार्गदर्शन और आर्शिवाद से आज वह इस मुकाम पर पहूंची है। आस्था के पिता कृषक परिवार से संबध रखते है।
शारीरिक अध्यापक सुखदेव राणा ने बताया कि आस्था ने सातवीं कक्षा भड़ेच स्कूल से उतीर्ण की है तथा इस दौरान बालिका ने स्कूल स्तर की कुश्ती प्रतियोगिताओं में बढ़चढ़ भाग लिया था। कुश्ती में बालिका की रूचि को देखते हुए उनके मार्गदर्शन से पिता राम प्रकाश ने इसे ठाकुर कुश्ती अकादमी चांदपुर बिलासपुर शिक्षा ग्रहण करने के लिए भेजा। आस्था ने बताया कि उनका सपना अंतर्राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेना है।